वर्ष 2022 और 2023 में सुरक्षा बलों की ओर से कुल 745 नक्सलियों को किया गया गिरफ्तार
रांची : झारखंड के डीजीपी अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में नक्सलियों के विरुद्ध संयुक्त रूप से झारखंड पुलिस, सीआरपीएफ, कोबरा, झारखंड जगुआर के साथ चलाये जा रहे अभियान की प्रशंसा भारत सरकार के गृह सचिव ने की है।
बता दें कि वर्ष 2022 और 2023 में सुरक्षा बलों की ओर से कुल 745 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें तीन स्पेशल एरिया कमेटी के सदस्य, एक रिजनल कमिटी के सदस्य, 10 जोनल कमांडर, 16 सब जोनल कमांडर और 25 एरिया कमांडर शामिल थे। जबकि पुलिस मुठभेड़ में 20 नक्सली मारे गए। चतरा जिला पुलिस के जरिये सबसे अधिक भाकपा माओवादी नक्सली को मुठभेड़ में मार गिराया गया था। इनमें भाकपा माओवादी के 25 लाख के इनामी नक्सली सैक सदस्य गौतम पासवान, अजीत उरांव और पांच लाख के इनामी नक्सली सब जोनल कमांडर अमर गंझू और सब जोनल कमांडर अजय यादव (कुल 60 लाख के इनामी माओवादी एक साथ पुलिस मुठभेड़ में मारे गये) शामिल थे।
इसके अलावा गुमला जिले में नक्सली सब जोनल कमांडर लाजिम अंसारी (5 लाख का इनामी) पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। वर्ष 2022-23 में 38 नक्सलियों ने पुलिस के बढ़ते दबिश एवं राज्य सरकार की पुनर्वास एवं आत्मसमर्पण नीति से प्रभावित होकर आत्मसमर्पण किया। इनमें स्पेशल एरिया कमिटी के एक सदस्य विमल यादव, रिजनल कमिटी के तीन सदस्य अमन गंझू, दुर्योधन महतो व इंदल गंझू, चार जोनल कमांडर, नौ सब जोनल कमांडर और 10 एरिया कमांडर शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इस दौरान में सुरक्षा बलों के जरिये नक्सलियों से लेवी के रूप में वसूले गये। 1.10 करोड़ रुपये बरामद किये गये। साथ ही अंदरूनी इलाकों में सुरक्षा बलों द्वारा इस अवधि में कुल 26 नये कैंप स्थापित किये गये, जिससे इस इलाकों में सुरक्षा की भावना बढ़ी है।