भाजपा नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल द्वारा पुलिस महानिदेशक, झारखंड को मिलकर सौंपा मांग पत्र।
भाजपा की तरफ से दिए गए मांग पत्र में कहा गया है कि भाजपा नेता राजेंद्र साहू के हत्या, राज्य में बढ़ते गैंगवार, अपराध, हत्या, लूट, बलात्कार की घटनाओं से आम जनता दहशत में है। ऐसा लग रहा जैसे राज्य में अपराधियों का साम्राज्य स्थापित हो चुका है। अपराधी जब चाहें, जहां चाहें किसी की भी बेधड़क हत्या करने में सफल हो रहे हैं। दूर दराज के गांव, जिले क्या राजधानी रांची अपराधियों की गिरफ्त में है। विशेष कर चतरा, लातेहार, रामगढ़, हजारीबाग और रांची का कोयलांचल क्षेत्र अपराधियों, शूटरों का अड्डा बन चुका है।
कहा है कि अपराधियों द्वारा राजनीतिक, सामाजिक कार्यकर्ताओं को आए दिन निशाना बनाया जा रहा है। राज्य सरकार की लूट, भ्रष्टाचार, जनविरोधी नीतियों को उजागर करने वाले भाजपा नेता, कार्यकर्ता अपराधियों के हिट लिस्ट में शामिल हैं। अब तो अपराधी जेल से ही रंगदारी वसूल रहे, जान से मारने की धमकी दे रहे। स्थिति इतनी भयावह है कि सत्ताधारी दल के विधायक भी अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। कहा गया है कि 12 अगस्त को भाजपा नेता राजेंद्र साहू की हत्या से पूरा पलामू प्रमंडल दहशत में है। छोटे छोटे व्यवसाय चलाने वाले भी भयभीत हैं। इस मामले में अपराधियों को पुलिस की गिरफ्त से बाहर होना, अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होना राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन की मंशा पर प्रश्न चिन्ह खड़ा कर रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने पत्र के माध्यम से आग्रह किया है कि राजेंद्र साहू, मुकेश साव, रोहन साव सहित सभी के हत्यारों को अविलंब गिरफ्तार की जाए साथ ही राज्य को अपराध मुक्त बनाने की दिशा में राजनीतिक दबाव से उपर उठकर पुलिस प्रशासन कार्य करे। प्रतिनिधिमंडल में सुनील कुमार सिंह प्रदेश उपाध्यक्ष, सांसद, गंगोत्री कुजूर, प्रदेश उपाध्यक्ष, नवीन जायसवाल, प्रदेश मंत्री, विधायक, मुनेश्वर साहू, प्रदेश मंत्री, शिवपूजन पाठक, प्रदेश मीडिया प्रभारी, प्रतुल शाहदेव, प्रवक्ता, योगेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी, समरी लाल, विधायक, जनार्दन पासवान, पूर्व विधायक, प्रकाश राम, पूर्व विधायक व सुनील साहू, जिला महामंत्री शामिल थे।