विद्यालय से हिंदी विभाग के शिक्षक संतोष कुमार झा ने बताया कि आज विद्यालय के सभागार में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की 154 वीं जयंती व भूतपूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की 119 वीं जयंती मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारम्भ विद्यालय प्राचार्य आर के सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने गांधी जी व शास्त्री जी की तस्वीर पर माल्यार्पण व श्रद्धा सुमन अर्पित कर, उन्हें शत-शत नमन किया। उक्त अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षकों ने इनकी जीवनी पर विस्तार से प्रकाश डाला। संतोष कुमार झा, ए के झा, वी के झा एवं नमनशीष दुबे ने महापुरुष द्वय के जीवन के प्रेरक प्रसंगों का विस्तार पूर्वक उल्लेख किया।
उक्त अवसर पर विद्यालय प्राचार्य आर के सिंह ने गांधी जी और शास्त्री जी के विचारों को आत्मसात करने पर बल देते हुए कहा कि वे एक महान संत, कर्म योगी, युग स्रष्टा एवं निस्वार्थ भाव से मानवता के प्रति समर्पित मसीहा थे। जिन्हें विश्व नागरिकता की उपाधि से भी विभूषित किया जा चुका था। जिन्होंने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर ब्रिटिश हुकूमत को भारत छोड़ने पर मजबूर कर दिया और देश को आजादी दिलाई। आज हम सभी यह संकल्प लें कि इन्होंने जिस मार्ग पर चलकर इस महान कार्य को पूर्ण किया उस मार्ग पर चलकर ही हम सभी इन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित कर सकते हैं। कार्यक्रम का मंच संचालन विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक संजय निर्भय ने पूर्ण किया।