बल्ब चुराने के आरोप में उमेश की पीट-पीट कर दी गई हत्या, आक्रोशित ग्रामीणों ने ओरमांझी सिकदिरी मुख्य मार्ग को दिया जाम
एसएनएस24न्यूज रांची :
ओरमांझी थाना क्षेत्र के उमेश मुंडा को बेरहमी से पीट पीटकर मार डाला गया। बल्ब चुराने के आरोप में उमेश को बीती रात शशिकांत प्रसाद ने इतना बेरहमी से इतना मारा कि वह मर गया। यह वारदात राजधानी रांची के सिकिदिरी थाना क्षेत्र में हुई। उमेश के मारे जाने की फैली खबर के बाद ग्रामीणों का गुस्सा उबाल पर आ गया।
गुस्साये गांववालों ने उमेश मुंडा की डेड बॉडी के साथ ओरमांझी-गोला रोड को जाम कर दिया। वहीं बतौर मुआवजा 30 लाख रुपये, परिवार के एक सदस्य को नौकरी और मारे गये उमेश के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा देने की मांग पर अड़ गये। गुस्साये ग्रामीणों का कहना था कि जबतक उनकी मांगे मान नहीं ली जाती, डेड बॉडी को नहीं उठाया जायेगा।
बता दें कि शशिकांत का घर भेलवा खूंटा में है, वहीं मारा गया उमेश मुंडा हेसातु गांव में रहता था। उसके पिता का नाम दुबे मुंडा बताया गया।
घटना की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने घटनास्थल को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिस ने भीड़ को बताया कि हत्या करने के संदेही गुनाहगार को अरेस्ट कर लिया गया है। इसके बाद शाम 6 बजे रोड जाम हटा लिया गया।
मौके पर सिल्ली के DSP सहित कई थानों की पुलिस पहुंची थी। उमेश की हत्या के बाद से गांव के लोगों का गुस्सा उबाल पर है। लोग हत्या के गुनाहगार के घर को फूंकने पर आमादा थे। ग्रामीणों के गुस्से को देखते हुये गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया हैं।