आक्रोशित ग्रामीणों एवं स्थानीय लोगों ने किया घंटों सड़क जाम, तीन किलोमीटर तक लगी वाहनों की कतार
जामा(दुमका) : जामा थाना क्षेत्र के दुमका भागलपुर मुख्य मार्ग पर कटनिया गांव के पास आज तकरीबन आठ बजे सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक महिला की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान मुसवाचक गांव की 42 वर्षीय माईकल मुर्म पति रामजल बास्की के रुप में हुई है। स्थानीय लोगों की माने तो तेज रफ्तार ट्रक भागलपुर की तरफ से दुमका की ओर जा रहा था। इसी दौरान महिला घर से धान रोपने अपने खेत जा रही थी, उसी दरम्यान ट्रक के चपेट में आ जाने से महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी मिलते ही ग्रामीणों एवं आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार सड़क जाम की वजह से लगभग तीन किलोमीटर तक वाहनों की लम्बी कतार लग गई। सूचना मिलते ही जामा थाना प्रभारी उत्तम कुमार पासवान एएसआई अनंत शर्मा तथा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और सड़क जाम हटाने का प्रयास किया,लेकिन उच्चाधिकारी के मौजूदगी में बातचीत करने की मांग पर लोग घंटो अड़े रहे। बाद में अंचलाधिकारी आशीष कुमार मंडल एवं थाना प्रभारी उत्तम पासवान द्वारा समझाने बुझाने एवं मृतक के परिजनों को पारिवारिक लाभ के मद से तत्काल 10 हजार रुपए की राशि उनके पुत्र सुरेंद्र बास्की को दिये जाने तथा आपदा राहत से एक लाख सहायता राशि दिलाने के लिए प्रशासनिक सहयोग करने का आश्वासन दिए जाने पर जाम हटाया जा सका।
सड़क जाम कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि कटनिया से लेकर बारापलासी के बीच अब तक पांच से अधिक सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु हो चुकी है। ग्रामीणों ने तत्काल इस सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की। इस पर अंचलाधिकारी आशीष कुमार मंडल ने कहा कि स्पीड ब्रेकर से भी सड़क दुर्घटना होते देखा गया है, इसलिए यह पथ निर्माण विभाग द्वारा निर्णय लिया जाएगा।
जामा थाना प्रभारी उत्तम पासवान ने कहा कि पहले शव को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को शव सौपने के पश्चात आपदा राहत एवं अन्य सहायता प्रदान करने के लिए प्रशासन जल्द कार्रवाई करेगा। मौकै पर कांग्रेस के प्रेम साह,राजद के बाबुराम हांसदा,सरसाबाद पंचायत के उपमुखिया गुपीन मुर्म आदि मौजूद थे। सबो के प्रयास से ग्रामीणों ने सड़क जाम हटाया।