वीरता और बलिदान की गूंज: हजारीबाग में वीर कुंवर सिंह विजय उत्सव का भव्य आयोजन।
कांग्रेस नेता मुन्ना सिंह ने श्रद्धासुमन किया अर्पित, युवाओं से देशभक्ति का किया आह्वान।
1857 की प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानी बाबू वीर कुंवर सिंह की स्मृति में बुधवार को हजारीबाग के सर्किट हाउस के समीप वीर कुंवर सिंह विजय उत्सव समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह ऐतिहासिक अवसर वीरता, राष्ट्रप्रेम और त्याग की भावनाओं से ओतप्रोत रहा।
कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता मुन्ना सिंह ने वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए । उन्होंने वीरता के इस अप्रतिम प्रतीक को शत-शत नमन करते हुए कहा, बाबू वीर कुंवर सिंह न केवल स्वतंत्रता संग्राम के महानायक थे, बल्कि वे भारतीय स्वाभिमान और अद्वितीय साहस के प्रतीक हैं। उनके बलिदान ने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी थी। मुन्ना सिंह ने युवाओं से भी विशेष रूप से राष्ट्रनिर्माण में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि आज का दिन हमें उन गुमनाम नायकों की याद दिलाता है, जिनकी कुर्बानियों से आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले पा रहे हैं। कांग्रेस पार्टी सदैव ऐसे महान क्रांतिकारियों के सिद्धांतों और मूल्यों को प्रणाम करती रही है और उनके दिखाए रास्ते पर चलने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीतों, और वीर कुंवर सिंह के जीवन पर आधारित वक्तव्यों ने समूचे वातावरण को भावविभोर कर दिया। हर तरफ जयघोष गूंजता रहा जय हिन्द, जय वीर कुंवर सिंह।
मुख्य रूप से उपस्थित। विनोबा भावे विश्वविद्यालय के कुलपति, प्रो दिनेश कुमार सिंह,आनंद देव , बंटी देव , भगवान सिंह राजू सिंह (पिंडी), बबलू सिंह,रविन्द्र सिंह ,शत्रुघ्न सिंह ,मुन्ना सिंह ,प्रदीप सिंह , मिथिलेश सिंह, पंकज सिंह ,मिथिलेश सिंह, आशीष सिंह ,संजय सिंह , परमानंद सिंह , पंकज सिंह ,डॉ मनोज कुमार सिंह , बबलु सिंह ,राज कुमार सिंह ,रवि रंजन सिंह ,डॉ संजीव सिंह ।