बोले : भाजपा के डीएनए में ही लूट, इंडिया गठबंधन की बैठकों से घबराकर की गैस के दामों में दो सौ रुपया प्रति सिलेंडर की कमी
मोदी सरकार की गलत नीतियों के कारण देश की जीडीपी 8.2 से घटकर 7.2% हो गई, देश पर कुल कर्ज का भार तीन गुना बढ़ा : रवीन्द्र
केन्द्र सरकार की गलत नीतियों व लूट को उजागर करने के लिए कल जिला कांग्रेस कमेटी करेगी एक दिवसीय धरना प्रदर्शन
दुमका
एसएनएस24न्यूज, संवाददाता
भाजपा के डीएनए में ही देश को लूटना है। मन की बात करने वाले प्रधानमंत्री ने इंडिया गठबंधन की दो बैठकों के बाद से ही कुनमुनाना शुरू कर दिया था। मुंबई की तीसरी बैठक के बाद गैस के दाम में ₹200 प्रति सिलेंडर कम कर गया। वर्ष 2014 से ही लगातार गैस की कीमतों में वृद्धि होती रही। पेट्रोलियम और डीजल के मूल्य बढ़ते रहे। गृहणियों के रसोई घर में उपयोग होनेवाले सारे सामानों की कीमत बढ़ती रही, लेकिन मन की बात करने वाले बड़बोले प्रधानमंत्री ने कभी आम लोगों की बात नहीं सुनी। यह बातें रविवार को कांग्रेस भवन दुमका में पत्रकारों से बातचीत करते हुए दुमका प्रभारी सह महासचिव झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी रवींद्र वर्मा ने कही।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री विपक्ष की बात नहीं सुनी, सिर्फ अपने मन की बात कहते रहे। सत्य बात पर संसद में यदि किसी ने सरकार के खिलाफ कोई बात कही तो उसे सदन से निकाल दिया गया। उसके घर खाली करवाए गए। इतना ही नहीं कोर्ट को भी कटघरे में खड़ा कर दिया। आज अमीर लोगों को और अमीर बनानेवाले प्रधानमंत्री ने गरीबों की सुधि लेकर यह जता दिया हैं कि आने वाला वर्ष चुनाव का वर्ष है और हम अब भारतीय जनता के साथ अन्याय नहीं कर सकते। सामानों के मूल्य कम करने होंगे। इसी सिलसिले में तत्काल रसोई गैस सिलेंडर पर ₹200 कीमत कम किया गया| श्री वर्मा ने कहा कि 9 वर्षों में मोदी सरकार ने रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ाकर 31.37 करोड़ लोगों को लूटा है। उन्होंने जनता की जेब से लगभग 8:30 लाख करोड़ लूटे हैं। उज्ज्वला बहनों से 2017 से अब तक मोदी जी ने लगभग 70 हजार करोड़ रूपया की लूट की है।
मोदी सरकार द्वारा 6 राज्यों में होने वाले चुनाव और उसके बाद लोकसभा चुनाव में मतदाताओं को रिझाने के लिए यह हथकंडा अपनाया गया है, ताकि आने वाले दिन फिर जनता मोदी जी को वोट दे। कहा कि देश की जनता अब जाग गई है। घरेलू सामानों के मूल्य कई गुना बढ़ गए हैं। दलहन हो, चावल हो या मसाला तेल हो सारे सामानों के मूल्य आसमान छू रहे हैं। नरेंद्र मोदी सरकार में विभिन्न साबुनों के दाम में भी 22% की बढ़ोतरी हुई। दवाओं के मूल्य में 32% की वृद्धि हुई। मोदी सरकार की गलत नीतियों के कारण देश की जीडीपी 8.2 से घटकर 7.2% हो गई। देश पर कुल कर्ज का भार तीन गुना बढ़ गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल 2014 की तुलना में 20% कम होने के बावजूद पेट्रोलियम पदार्थ 30 से 40 रुपए लीटर महंगे बेचे जा रहे हैं, इससे साबित होता है कि यह सरकार चंद पूंजीपतियों के लिए बनी है और मोदी जी का ध्यान केवल उन्हीं पूंजीपतियों पर है।
कहा कि भाजपा को बहुत घमंड था कि हमारी सरकार ने भ्रष्टाचार के मामले में काफी इमानदारी दिखाई। उनकी यही इमानदारी कैग की रिपोर्ट में साफ दिख रही है कि किस प्रकार से देश में भ्रष्टाचार हुआ है। कहा कि आने वाले 2024 के लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन इनकी एक-एक सीट के सामने अपना एक उम्मीदवार देकर भाजपा को मुंह की खिलाएगा।
मौके पर जिला अध्यक्ष महेश राम चंद्रवंशी, पूर्व जिला अध्यक्ष श्यामल किशोर सिंह, प्रेम कुमार शाह, संजीत कुमार सिंह, अरविंद कुमार, शहरोज शेख, अली इमाम टिंकू, सत्यनारायण यादव, सुनील हेम्ब्रम, पौलुस मुर्मू, खुर्शीद आलम, दशरथ मंडल, अमित कुमार सिंह सहित अन्य मौजूद थे। कांग्रेस कमेटी दुमका के जिलाध्यक्ष महेश राम चंद्रवंशी ने बताया कि उक्त मुद्दों को लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर झारखंड के प्रत्येक जिले में आगामी 4 सितंबर सोमवार को एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कार्यक्रम सुनिश्चित किया गया है। इसके तहत दुमका जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा कल दिन के 11:00 बजे से पुराना कोषागार के सामने धरना प्रदर्शन कार्यक्रम किया जाएगा।