गिरिडीह में किसान मंच का भूख हड़ताल समाप्त ।
हालांकि इसे समाप्त करने को लेकर कोई वार्ता के लिए नहीं आया। किसान बोबी देवी पर दबाव बनाकर भू – माफिया को जमीन दिलाने के लिए विवश करने हेतु पचंबा थाना कांड संख्या 80/23 के सूचक एवं थाना प्रभारी द्वारा षड्यंत्र रचकर बोबी देवी के पुत्र दीपक गोस्वामी पर झूठा मुकदमा कर जेल भेजने के मामले का पूरी तरह से पर्दाफाश हो जाने के बाद भी दोषी लोगों पर कारवाई नहीं होने एवं दीपक गोस्वामी को रिहा नहीं करने से आक्रोशित किसान मंच के सदस्य विगत पांच दिनों से अंबेडकर चौक गिरिडीह में भूख हड़ताल पर बैठे थे।
सोमवार को भूख हड़ताल पर बैठे बोबी देवी एवं अन्ना मुर्मू की तबीयत काफी बिगड़ गयी। भूख हड़ताल पर बैठे अन्य लोगों ने इसकी सूचना किसान मंच के अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह को दी। बुखार से पीड़ित अवधेश कुमार सिंह तुरंत अंबेडकर चौक पहुंचकर भूख हड़ताल पर बैठे लोगों से भूख हड़ताल समाप्त करने का आग्रह किया। उनके आग्रह पर आंदोलनकारी भूख हड़ताल समाप्त करने को तैयार हो गए। इसके बाद उन्होंने भूख हड़ताल पर बैठे आंदोलनकारियों को जूस पिलाकर आंदोलन समाप्त कराया। भूख हड़ताल कार्यक्रम समाप्त होने के बाद किसान मंच के जीतन गोस्वामी ने कहा कि गांधीवादी तरीके से हमलोगों ने आंदोलन किया और न्याय का फरियाद करते रहे पर कोई भी प्रशासनिक अधिकारी, नेता, समाजसेवी हमलोग को पूछने नहीं आया। इसलिए विवश होकर आज भूख हड़ताल समाप्त किया गया है लेकिन कल से उग्र आंदोलन को लेकर रणनीति बनायी जाएगी। पहले की तरह किसान मंच आंदोलन करेगा ताकि प्रशासन के लोग किसान मंच के बातों को सुनने के लिए विवश हो जाएं। भूख हड़ताल समाप्त करवाते समय विजय कुमार, घनश्याम पंडित, परशुराम वर्मा, सरिता देवी, बिंदिया देवी, विजय बर्मन, अनिता हंसदा, आरती कुमारी दुलारी देवी आदि उपस्थित थे।