गिरिडीह के लिए 12 सितंबर का दिन होगा ऐतिहासिक, भाजपा नेताओं ने न्यू गिरिडीह रेलवे स्टेशन से गिरिडीह-रांची इंटरसिटी के परिचालन की दी जानकारी
एसएनएस24न्यूज, गिरिडीह:
क्षेत्रवासियों के लिए 12 सितंबर का दिन ऐतिहासिक दिन होगा। कोडरमा सांसद सह केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री अन्नपुर्णा देवी गिरिडीह-रांची इंटरसिटी ट्रेन को न्यू गिरिडीह रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर कर रवाना करेंगी। उक्त जानकारी भाजपा गिरिडीह जिलाध्यक्ष महादेव दुबे एवं जिला कोषाध्यक्ष मुकेश जलान ने रविवार को संयुक्त रूप से प्रेसवार्ता आयोजित कर दी।
कहा कि केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री अन्नपुर्णा देवी के पहल पर देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के द्वारा गिरिडीह से राज्य की राजधानी रांची के लिए गिरिडीह-रांची इंटरसिटी ट्रेन को स्वीकृति दी गई है। साथ ही विस्टाडोम कोच का तोहफा भी दिया है।
कहा कि शहरवासियों एवं ग्रामीण क्षेत्रवासियों के द्वारा वर्षों से यह मांग चल रही थी कि गिरिडीह से राज्य की राजधानी रांची के लिए ट्रेन चले। जिससे यहां के विद्यार्थी, मरीज और लोगों को आसानी से राजधानी पहुंचा जा सके। गिरिडीह से रांची जाने के लिए लोगों को बस से जाना होता है या फिर पारसनाथ रेलवे स्टेशन से रांची जाना होता है। इस ट्रेन का परिचालन जमुआ, धनवार, महेशपुर, कोडरमा, हजारीबाग, बड़कागांव से होगी। जिससे स्थानीय लोगों को फायदा होगा।