सशक्त बूथ कमेटी निर्माण को लेकर भाजपा की रामगढ़ एवं ठाड़ीहाट मंडल की संयुक्त बैठक सम्पन्न.
सांसद सुनील सोरेन ने कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव को लेकर सशक्त बूथ कमेटी के साथ ही आदिवासी युवाओं को शामिल करने का दिया निर्देश.
ट्राइबल मतदाताओं को भाजपा के पक्ष में करने का कार्यकर्ताओं को दिया मंत्र.
रामगढ़ (दुमका) ब्यूरो की रिपोर्ट: सशक्त बूथ कमेटी निर्माण को लेकर भारतीय जनता पार्टी की ठाड़ीहाट तथा रामगढ़ मंडल इकाई की संयुक्त बैठक कुसमाहा स्थित प्रोजेक्ट कन्या उच्च विधालय में आज गुरुवार को आयोजित की गई। बैठक में दुमका लोक सभा के सांसद सुनील सोरेन, जामा विधानसभा के पू्र्व प्रत्याशी सुरेश मुरमू,जिला उपाध्यक्ष मनोज पांडे,भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष रुपेश कुमार तथा रामगढ़ प्रखंड में निवास करने वाले जिला स्तर या उससे ऊपर के कार्यकर्ताओं के अलावा सभी मतदान केंद्रों के प्रथम बूथ लेवल एजेंट एवं द्वितीय बूथ लेवल एजेंट शामिल थे।
बैठक को संबोधित करते हुए सांसद सुनील सोरेन ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव को ध्यान मे रखते हुए मजबूत बूथ कमेटी का गठन किया जाए। अधिक से अधिक आदिवासी युवाओं को बूथ कमेटी में शामिल करने के साथ साथ मतदाता सूची में जो भी त्रुटि है, उसे बीएलओ के साथ संपर्क कर लोक सभा चुनाव के पूर्व दूर करने का निर्देश दिया।
श्री सोरेन ने कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक ट्राइबल मतदाताओं को अपने पक्ष में करने, मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने का भी निर्देश देते हुए केन्द्र सरकार के द्वारा जनहित में चलाए जा रहे योजनाओं का प्रचार प्रसार करने तथा अधिक से अधिक मतदाताओं को भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित करने का निर्देश भी दिया। बैठक में रामगढ़ मंडल अध्यक्ष नवल किशोर मांझी, ठाडीहाट मंडल अध्यक्ष निरंजन मंडल सहित भाजपा के सभी पार्टी पदाधिकारी, मंच-मोर्चा के प्रखंड के अंतर्गत आने वाले जिला कार्य समिति सदस्य, सभी पंचायत के संयोजक, सह संयोजक, प्रभारी, सह प्रभारी, बूथ अध्यक्ष, बीएलए-1 तथा बीएलए 2 शामिल थे।