आस्था के महापर्व छठ पूजा के मद्देनजर उपायुक्त आंजनेयुलू दोड्डे ने किया शहरी क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण
दुमका : आस्था के महापर्व छठ पूजा के मद्देनजर उपायुक्त आंजनेयुलू दोड्डे ने आज बुधवार को शहरी क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर घाटों की साफ-सफाई और व्रतियों की सुविधा के लिए घाटों पर किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली।
उपायुक्त ने नगर परिषद,पुलिस विभाग, विद्युत,आपदा प्रबंधन सहित सभी संबद्ध पदाधिकारियों को आपस में समन्वय सुनिश्चित करते हुए सभी कार्य ससमय संपन्न करने का निर्देश दिया। साथ ही घाटों की साफ-सफाई,चेंजिंग रूम,डेंजर जोन चिन्हितीकरण,विद्युतीकरण,पहुंच पथ मरम्मतीकरण,पार्किंग,यातायात व्यवस्था तथा सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था संधारण को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
उन्होने कहा कि छठ घाटों पर प्रकाश की समुचित व्यवस्था रखी जाए।सुगम यातायात व घाटों पर पार्किंग की व्यवस्था पर भी समुचित ध्यान दें।उपायुक्त ने कहा कि कहा कि छठ महापर्व पर घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता व्यवस्था की जाएगी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार,उप विकास आयुक्त अभिजीत सिन्हा, सहायक समाहर्ता,अनुमंडल पदाधिकारी,जिला परिवहन पदाधिकारी,जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य वरीय पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।