जिले के सरैयाहाट में दर्दनाक हादसा, तलाब में स्नान करने गए चार बच्चों की मौत हो गई। मरनेवालों में तीन बच्चियां व एक बच्चा शामिल है। सभी की उम्र दस से बारह वर्ष के बीच बताया जा रहा है। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।
सरैयाहाट (दुमका) से दीपक कुमार ने रिपोर्ट दी है कि रविवार को सूबे की उपराजधानी दुमका के सरैयाहाट में दर्दनाक हादसा हुआ है। थाना क्षेत्र के पीड़रा गांव में चार नाबालिग बच्चों जिसमें तीन बच्चियां और एक लड़का शामिल हैं की तलाब में स्नान करने के दौरान डूबने से मौत हो गयी। सभी बच्चों की उम्र दस से बारह वर्ष बताई जा रही है।
बताया जा रहा हैं कि पथरिया गांव स्थित तालाब पुराना था और उस तालाब से सरैयाहाट से चम्पागढ़ सड़क निर्माण के लिए मिट्टी की खुदाई कर उपयोग किया गया था। जिससे तालाब की गहराई और ज्यादा हो गयी थी। इसकी जानकारी बच्चों को नहीं थी, जिसके कारण यह दर्दनाक घटना हो गई। मृतक बच्चों की पहचान सूजन कुमारी उम्र 12वर्ष, पिता सुबोध मांझी, तन्नूश्री उम्र 10 वर्ष पिता छविकांत मांझी, नंदनी कुमारी उम्र 10 वर्ष पिता संतोष मांझी एवं कुंदन कुमार उम्र 12 वर्ष पिता श्याम यादव सभी पीड़रा गांव के रूप हुई है।
घटना की जानकारी सरैयाहाट थाना प्रभारी को मिलते ही उन्होंने तुरंत दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच घटना की जानकारी ली। सभी शव को कागजी प्रक्रिया कर पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया गया है। खबर लिखे जाने तक गांव समेत पूरे सरैयाहाट प्रखंड में दुःख का माहौल है।