लातेहार जिले के तुबैद कोलियरी क्षेत्र में उग्रवादियों ने जमकर मचाया उत्पात 

लातेहार जिले के तुबैद कोलियरी क्षेत्र में उग्रवादियों ने जमकर मचाया उत्पात।

बताया गया कि जिला मुख्यालय से महज 15 किलोमीटर दूरी पर स्थित दामोदर वैली कॉरपोरेशन (डीवीसी) की महत्वाकांक्षी तुबैद कोलियरी में जेएलटी के उग्रवादियों ने जमकर उत्पात मचाया। क्षेत्र में दहशत फैलाने को लेकर कई राउंड फायरिंग की है। गत रात झारखंड लाल टाइगर नामक उग्रवादी संगठन ने पर्चा छोड़ते हुए कोलियरी के कंप्यूटराइज्ड कांटा घर को फूंक डाला। वहीं तैनात सुरक्षा कर्मियों एवं कोलियरी के कर्मचारियों को बंधक बनाकर लगभग दो घंटे तक पिटाई की। कार्यस्थल पर उपस्थित विभाग के कर्मियों के अनुसार आधा दर्जन हथियारबंद वर्दीधारियों ने जोहार झारखंड, जय झारखंड, झारखंड लाल टाइगर संगठन जिंदाबाद का नारा लगाया। साथ ही कोलियरी कर्मियों को धमकी दी। कहा कि बिना संगठन को मैनेज किये अगर कोलियरी चलता है तो इससे भी बुरा अंजाम भुगतने को तैयार रहना। उग्रवादियों ने कांटा घर के कर्मचारी ताज अंसारी और सोनू कुमार की जमकर पिटाई की। उग्रवादियों की पिटाई से घायल दोनों कांटा कर्मियों ने किसी तरह से भाग कर अपनी जान बचाई। वहीं कोलियरी में तैनात इंडिगो फोर्स के जवानों की भी जमकर पिटाई की गयी। पिटाई होते देखकर अन्य कर्मी और जवान भी मौका देखकर वहां से भाग गये।

लेवी को लेकर दी गई थी चेतावनी : बताया जा रहा है कि बीते गुरुवार को कोलियरी प्रबंधन के एक अधिकारी को अगले दिन से काम बंद करने और बिना मैनेज किये काम करने पर अंजाम भुगतने की धमकी भरा मैसेज भेजा गया था। कंपनी के कर्मियों ने मैसेज को पुलिस प्रशासन को फॉरवर्ड करते हुए सुरक्षा की आग्रह की थी। फिर रविवार की रात को ही घटना को अंजाम दे दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उग्रवादी लोग इतने उग्र थे कि अगर उनका विरोध करता तो वे उनकी हत्या कर देते।

पुलिस ने रात में ही क्षेत्र की घेराबंदी : घटना की सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक से सदर थाना प्रभारी आशुतोष कुमार दल बल के साथ तुबेद गांव पहुंचकर जवानों को कई टुकड़ों में बांटकर उग्रवादियों की गिरफ्तारी को लेकर क्षेत्र की घेराबंदी की। पुलिस के आने की भनक लगते ही उग्रवादी जंगली रास्ता का लाभ उठाकर भाग खड़े हुए। ग्रामीणों का कहना है कि घटनास्थल से कुछ दूरी पर दो बोलेरो लगी हुई थी, जिसमें नंबर नहीं था। संभवत उग्रवादियों का दस्ता उसी में सवार होकर आये थे और घटना को अंजाम देकर कुंदरी ग्राम के रास्ते भाग निकले।

डीवीसी के कार्यकारी निदेशक जी मंडिया के अनुसार इस आगजनी से लाखों की क्षति हुई है। कांटाघर जल जाने से रेजिंग, लोडिंग एवं ट्रांसपोर्टिंग का काम तत्काल प्रभावित हो गया है। वही पिटाई से घायल कर्मियों को इलाज के लिए लातेहार भेज दिया गया है। कोयलारी इलाके में नए उग्रवादी संगठन की आगाज से लोगों में दहशत का माहौल है।

Next Post

आर्यभट्‌ट गणित प्रतियोगिता में डीपीएस चास बोकारो ने मारी बाजी

Mon Aug 21 , 2023
आर्यभट्‌ट गणित प्रतियोगिता में डीपीएस […]
आर्यभट्‌ट गणित प्रतियोगिता में डीपीएस चास बोकारो ने मारी बाजी 

ताज़ा ख़बरें